मुंबई के उभरते 17 वर्षीय शतरंज खिलाड़ी आरव देंगला ने शनिवार को ग्रैंडमास्टर (जीएम) का खिताब हासिल किया। वह भारत के 93वें ग्रैंडमास्टर बने हैं। उन्होंने बोस्निया और हर्जेगोविना में लगातार दो टूर्नामेंट जीतकर अपना तीसरा और अंतिम जीएम नॉर्म हासिल किया। इस जीत से उनकी क्लासिकल लाइव रेटिंग 2506 हो गई, जिससे ग्रैंडमास्टर उपाधि के मानदंड पूरे हो गए।
आरव ने पहले जीएम मिक्स बिंजेलजिना फिर जीएम-नॉर्म राउंड रोबिन टूर्नामेंट जीता। उनको पहला नॉर्म 2022 में बिजेलजिना इंटरनेशनल ग्रैंडमास्टर टूर्नामेंट से मिला था तब वे इंटरनेशनल मास्टर भी नहीं थे। दूसरा नॉर्म 2025 में क्रोएशिया में हुए जुपांजा सेलिब्रेट्स चेस जीएम-नॉर्म टूर्नामेंट में आया। 2024 में उन्होंने ग्रैंड पेरिस मास्टर्स और फिडे वर्ल्ड स्कूल रैपिड-ब्लिट्ज टूर्नामेंट जीता था।
आरव इस साल जीएम उपाधि पाने वाले दूसरे ‘भारतीय हैं। जनवरी में आर्यन वार्ष्णेय ने यह उपलब्धि हासिल की थी। फिडे ने आधिकारिक तौर पर 2026 के पहले काउंसिल में उनका जीएम टाइटल मंजूर किया। वह मुंबई के प्रवीण थिप्से और आदित्य मित्तल के बाद तीसरे ग्रैंडमास्टर हैं।
प्राग चेस फेस्टिवल : गुकेश ने नावारा के साथ खेला ड्रॉ : विश्व चैंपियन डी गुकेश की प्राग इंटरनेशनल चेस फेस्टिवल में पहली जीत की तलाश जारी है। चौथे दौर में उन्हें चेक गणराज्य के डेविड नावारा ने ड्रॉ पर रोका। मास्टर्स वर्ग में यह मैच 72 चालों तक चला। डच खिलाड़ी जॉर्डन वैन फोरेस्ट उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक याकुबोएव को हराकर 3 अंकों के साथ अकेले शीर्ष पर पहुंच गए। जर्मनी के विंसेंट कीमर ने अरविंद चिदंबरम को हराया। अब 5 दौर बाकी हैं। गुकेश, अरविंद, नीमन, मघसूदलू 1.5 अंक पर सातवें स्थान पर हैं।
