प्रयागराज नगर निगम द्वारा वार्ड 82 गौस नगर में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नगर निगम विकास निधि एवं 15वें वित्त के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया गया। इन कार्यों से न केवल स्थानीय नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।
इन विकास कार्यों का लोकार्पण माननीय महापौर श्री उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी द्वारा किया गया। जी जोन–01, वार्ड–82, गैस नगर, हिना गोल्ड रोड, वाजिद चाय के सामने की गली, डब्ल्यू-74 क्षेत्र, मुन्ना मिर्ज़द रोड, मो० इरफान खान पी-77 बिस्मिल्ला चौराहा होते हुए नजमा मस्जिद तक की सड़कों पर सीसी रोड निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराए गए। इन परियोजनाओं से वर्षों से चली आ रही जर्जर सड़कों की समस्या का समाधान हुआ है, जिससे स्थानीय निवासियों में विशेष उत्साह देखा गया।
लोकार्पण कार्यक्रम माननीय पार्षद श्रीमती परवीन बेगम पत्नी आज़ाद अहमद की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष गया निषाद, अमित गुप्ता, सकील अहमद, अदनान इस्लाम, इफ्तिकार अहमद, जावेद आदि । उपस्थित रहे लोगो ने कहा कि नगर निगम प्रयागराज शहर को स्वच्छ, सुगम और आधुनिक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने इन विकास कार्यों के लिए नगर निगम और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेहतर सड़कें न केवल दैनिक जीवन को आसान बनाती हैं, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच को भी सरल करती हैं।
महापौर गणेश केसरवानी ने बताया आने वाले समय में भी इसी तरह वार्ड-वार योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जाएंगे, ताकि प्रयागराज को एक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और स्मार्ट शहर के रूप में विकसित किया जा सके।
विकास की यह राह सिर्फ सड़क नहीं, प्रयागराज के उज्ज्वल भविष्य की बुनियाद है।
