प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अनिश्चतता भरे मौजूदा वैश्विक परिदृश्य में भारत-सऊदी अरब के रिश्ते स्थिरता के स्तंभ की तरह हैं। उन्होंने सऊदी अरब को भारत के सबसे मूल्यवान साझेदारों में एक बताते हुए कहा, यह समय इनके संबंधों को और आगे बढ़ाने के लिहाज से बेहद आशाजनक है, इसमें असीमित संभावनाएं हैं।
उन्होंने खासकर ग्रीन हाइड्रोजन और टेक्नोलॉजी जैसे उभरते क्षेत्र में दोनों देशों के बढ़ते व्यापारिक रिश्तों को स्वागत योग्य कदम बताया। पीएम मोदी ने रियाद यात्रा पर रवाना होने से पहले अरब न्यूज को दिए साक्षात्कार में कहा, भारत-सऊदी अरब न सिर्फ अपने लिए बल्कि पूरे विश्व की शांति, प्रगति तथा समृद्धि के लिए एक साथ आगे बढ़ते रहेंगे। उन्होंने कहा, सऊदी अरब हमारे लिए समुद्री पड़ोसी, विश्वसनीय मित्र व रणनीतिक सहयोगी है। दोनों देशों में आर्थिक संबंध मानसूनी हवाओं की तरह बहुत पुराने हैं। वह बोले, हमारा संबंध नया नहीं, यह सदियों पुराने सभ्यतागत आदान-प्रदान पर आधारित है।
