उद्योगपति मुकेश अंबानी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत का बहुमुखी मीडिया और मनोरंजन उद्योग अगले दशक में तीन गुना से अधिक बढ़कर 100 अरब डॉलर का हो सकता है। इस वृद्धि से लाखों नौकरियां पैदा होंगी और विभिन्न क्षेत्रों में इसका व्यापक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कहानी कहने और डिजिटल प्रौद्योगिकियों के मिश्रण ने रणनीतिक व आर्थिक अवसर पैदा किया है।
रिलायंस समूह के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक ने 2025 ‘विश्व दृश्य श्रव्य एवं मनोरंजन सम्मेलन’ (वेव्स) के उद्घाटन सत्र में कहा, भारत का मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग आज 28 अरब अमेरिकी डॉलर का है। अगले दशक में यह 100 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक हो सकता है। यह वृद्धि उद्यमशीलता को बढ़ावा देगी, लाखों नौकरियां सृजित करेगी और सभी क्षेत्रों में प्रभाव डालेगी। उन्होंने कहा कि भारत एक अग्रणी डिजिटल राष्ट्र बन गया है और कहानी कहने और डिजिटल प्रौद्योगिकियों का मिश्रण भारत के लिए अद्वितीय है। अंबानी ने कहा, इसने मनोरंजन और सांस्कृतिक अनुभवों के प्रभाव व पहुंच को कल्पना से परे कई गुना बढ़ा दिया है। कृत्रिम मेधा (एआई) और ‘इमर्सिव टेक्नोलॉजी’ (डिजिटल दुनिया में जीवंत अनुभव देने वाली प्रौद्योगिकी) के उपकरण हमारी कहानियों को पहले से कहीं अधिक आकर्षक बना सकते हैं और उन्हें तुरंत विभिन्न भाषाओं, देशों एवं संस्कृतियों के दर्शकों तक पहुंचा सकते हैं। इन उपकरणों में निपुणता हासिल कर भारत के बेहद प्रतिभाशाली युवा रचनाकार हिट फिल्मों के साथ वैश्विक मनोरंजन उद्योग पर राज करेंगे।
