प्रयागराज। महाकुंभ के तहत शहर में बिजली के खंभे और स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना में जमकर खेल हुआ है। जोन संख्या चार में बैरहना पुलिस चौकी से मनकामेश्वर मंदिर सिमेट्री रोड तक पोल एवं स्ट्रीट लाइट लगाने की 23 लाख रुपये की पीडीए की परियोजना पर नगर निगम ने भी काम करा दिया है। पीएम, सीएम समेत आला अधिकारियों से शिकायत के बाद मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने इस मामले की जांच का आदेश दिया है। भाजपा के पार्षद ने शिकायत में कहा है कि महाकुंभ के दौरान प्रयागराज विकास प्राधिकरण और नगर निगम दोनों ने जोन संख्या चार में बैरहना पुलिस चौकी से लेकर मनकामेश्वर मंदिर सिमेट्री रोड तक पोल एवं स्ट्रीट लाइट लगाने का काम किया है। इतना ही नहीं, दोनों विभागों ने जीपीएस फोटो खिंचवाकर संबंधित फर्म को भुगतान भी कर दिया है। 23 लाख की निविदा पर पीडीए ने स्ट्रीट लाइट और पोल लगाने का काम पूरा किया। इसी मार्ग पर नगर निगम के पथ प्रकाश विभाग ने पीडीए की स्ट्रीट लाइट को उतरवा कर अपनी स्ट्रीट लाइट लगवा कर 4.82 लाख का भुगतान करा लिया है। यह तो सिर्फ बानगी भर है। ऐसा कई स्थानों पर किया गया है। शहर में एलईडी लाइट लगाने में भी खेल हुआ है। आरोप है कि मुख्य अभियंता संजय कटियार के द्वारा बाजार दर से दो गुना अधिक दर पर एलईडी क्रय की जा रही है। मानक के विपरीत पोल लगाए जा रहे हैं।
