नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जंग में भारत की हर कार्रवाई को पूरा समर्थन है। पहलगाम हमले को बर्बर बताते हुए पुतिन ने इसकी कड़ी निंदा और निर्दोष नागरिकों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की। पीएम नरेंद्र मोदी को सोमवार को फोन कर पुतिन ने हमले के दोषियों और उनके समर्थकों को न्याय के कठघरे में लाने पर जोर दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि दोनों नेताओं ने विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने जोर देकर कहा, रूस व भारत के रिश्ते बाहरी प्रभाव से प्रभावित नहीं हैं और ये प्रगाढ़ संबंध लगातार विकसित होते रहेंगे। पीएम मोदी ने पुतिन को विजय दिवस की 80वीं वर्षगांठ की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें इस साल के अंत में होने वाले भारत-रूस शिखर सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया। पुतिन ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया। रूसी दूतावास ने कहा, दोनों नेताओं ने आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ बिना किसी समझौते के लड़ाई की जरूरत पर जोर दिया। रूसी राष्ट्रपति पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करने वाले पहले विश्व नेताओं में थे।
