न्यूयॉर्क। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर एक बार फिर पाकिस्तान पर निशाना साधा व कहा, यह आर्थिक युद्ध वाला कृत्य था। इसका मकसद कश्मीर में पर्यटन को चोट पहुंचाना था जो वहां अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार है।
उन्होंने कहा, भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत कड़ा जवाब देकर साबित कर दिया कि हम एटमी धमकी से डरने वाले नहीं हैं। अब वह समय बीत गया जब कोई आकर कहता था कि भारत और पाकिस्तान दोनों परमाणु सम्पन्न हैं। इसलिए हमें संयम बरतना चाहिए। उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच युद्धविराम कराने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावे को एक बार फिर नकार दिया। पाकिस्तानी अड्डों पर सैन्य कार्रवाई के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिकी नेताओं के साथ फोन पर हुई चर्चा का पूरा ब्योरा भी उन्होंने साझा किया। वह बोले, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ फोन वार्ता के समय मैं उसी कमरे में मौजूद था। वेंस ने जब 9 मई की रात को पीएम मोदी से बात की तो उन्होंने कहा कि अगर हमने कुछ बातें नहीं मानीं तोपाकिस्तान भारत पर बहुत बड़ा हमला करेगा। लेकिन पीएम मोदी पाकिस्तानियों की धमकियों से प्रभावित नहीं हुए। इसके विपरीत उन्होंने संकेत दिया कि हमारी ओर से इस का जवाब दिया जाएगा। और भारत ने तगड़ा जवाब दिया।
