बीजिंग। पिछले कुछ वर्षों से निष्क्रिय पड़ी रूस-भारत-चीन (आरआईसी) त्रिपक्षीय सहयोग (ट्रोइका) को पुनर्जीवित करने की रूस की पहल को चीन ने भी अपना समर्थन दे दिया है। उसने यह भी कहा है कि यह त्रिपक्षीय सहयोग न केवल तीन देशों के हित में बल्कि क्षेत्र और वैश्विक सुरक्षा व स्थिरता के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण धुरी होगा। रूसी उप विदेश मंत्री आंद्रेई रुडेंको ने कहा, मॉस्को आरआईसी प्रारूप की बहाली पर अडिग है। उन्होंने दावा किया कि मॉस्को इस मुद्दे पर बीजिंग और नई दिल्ली से बातचीत कर रहा है।
रूसी समाचार पोर्टल इजवेस्टिया ने रुडेंको के हवाले से कहा, यह विषय भारत-चीन के साथ हमारी हर बातचीत में शामिल रहा है। हम इस प्रारूप को काम में लाने में रुचि रखते हैं, क्योंकि ब्रिक्स के संस्थापकों के अलावा ये तीन देश महत्वपूर्ण भागीदार हैं। इसलिए, इस प्रारूप की अनुपस्थिति अनुचित लगती है। हालांकि, भारत सरकार के सूत्रों के अनुसार इस मुद्दे पर अभी कोई बातचीत नहीं चल रही है।
