श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में जिन तीन आतंकियों ने भयावह हमले को अंजाम दिया था, उनके स्केच सुरक्षा एजेंसियों ने बुधवार को जारी किए। 26 पर्यटकों की जान लेने वाले ये तीनों दरिंदे पाकिस्तानी हैं और उनके नाम आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबू तल्हा हैं। इनके कोड नाम मूसा, यूनुस और आसिफ थे और वे पहले से पुंछ में आतंकी घटनाओं में शामिल रहे हैं।
सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी हमले के प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से ये स्केच तैयार कराए हैं। काले और सफेद रंग में तैयार पेंसिल स्केच से तीनों के युवा होने का आभास मिलता है। तीनों ने दाढ़ी भी रखी है। तीनों प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-ताइबा के सहयोगी संगठन द रेसिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) से जुड़े हैं। इसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
वहीं, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम बुधवार को पहलगाम पहुंची और जम्मू-कश्मीर में पिछले 20 सालों में सबसे घातक आतंकी हमले की जांच के लिए घटनास्थल बायसरन घाटी का दौरा किया। डीआईजी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में पहुंची टीम अभी जांच में स्थानीय पुलिस की मदद कर रही है क्योंकि आधिकारिक रूप से अभी एनआईए को जांच नहीं सौंपी गई है
