जम्मू-कश्मीर के राजौरी, सांबा और पुंछ जिलों में हाल में ड्रोन घुसपैठ की घटनाओं पर सेना ने पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी है। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने बताया कि दोनों देशों के सैन्य अभियानों के महानिदेशकों (डीजीएमओ) की बातचीत में पाकिस्तान को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वह अपने ड्रोन काबू में रखे, ऐसी हरकतें हमें मंजूर नहीं हैं। रविवार शाम को इन जिलों में सीमापार से पांच ड्रोन घुस आए थे।
सेना प्रमुख जनरल द्विवेदी ने 78वें सेना दिवस से पहले मंगलवार को मीडिया को बताया कि कम-से-कम आठ ड्रोन शनिवार से भारत के अग्रिम क्षेत्र में देखे गए। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह सभी ड्रोन रक्षात्मक थे, जो शायद यह देखना चाहते थे कि उनके खिलाफ कोई कार्रवाई तो नहीं की जा रही। उन्होंने कहा, संभावना यह भी है कि यह ड्रोन सीमा पर आतंकी घुसपैठ के लिए सुरक्षित रास्तों की तलाश – करने आए हों। हालांकि, इसका जवाब उन्हें नकारात्मक ही मिला होगा।
चेतावनी बेअसर… राजोरी में फिर दिखे पाकिस्तानी ड्रोन सेना प्रमुख की कड़ी चेतावनी के बावजूद राजोरी में नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों में मंगलवार शाम फिर पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए। शाम सात बजे राजोरी के केरी सेक्टर के डूंग गाला में 2 से 3 डोन दिखे और उसके बाद ठंडीकस्सी में ड्रोन देखे गए। सेना की गोलीबारी के बाद ड्रोन वापस चले गए।
ऑपरेशन सिंदूर जारी, देंगे करारा जवाब: पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए सेना प्रमुख ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है और अगर सीमापार से दोबारा कोई हरकत की, गई, तो करारा जवाब देंगे।
