तापमान बढ़ने के साथ रूम एयर कंडीशनर (एसी) बनाने वाली बड़ी कंपनियां कच्चे माल की लागत और आपूर्ति श्रृंखला के खर्चों में लगातार वृद्धि की भरपाई के लिए कीमतों में 5-15 फीसदी तक बढ़ोतरी कर रही हैं। फरवरी से अप्रैल के बीच लागू होने वाली कीमतों में यह वृद्धि ठीक ऐसे समय में हो रही है, जब मांग बढ़ जाती है।
डाइकिन, वोल्टास, ब्लू स्टार, एलजी, हायर और मित्सुबिशी हैवी इंडस्ट्रीज सहित प्रमुख कंपनियों ने तांबे जैसे प्रमुख कच्चे माल एवं दुलाई की बलागत बढ़ने, रुपये में कमजोरी और एनए ऊर्जा दक्षता मानकों के कारण एसी की विभिन्न मॉडलों की कीमतों में वृद्धि की घोषणा की है। उद्योग के अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा स्थिति और इनपुट लागत में उछाल को देखते हुए कीमतों का समायोजन जरूरी है।
कीमत वृद्धि के बावजूद भीषण गर्मी के पूर्वानुमान और नए स्टार-रेटेड मॉडलों से बिजली की बचत से एसी की बिक्री मजबूत रहने की उम्मीद है। डाइकिन इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक कंवलजीत जावा ने कहा, तांबे जैसी सामग्री की कीमतें बढ़ गई हैं और अमेरिकी डॉलर रिकॉर्ड ऊंचाई पर है। इसके अलावा, वैश्विक उथल-पुथल के कारण माल ढुलाई लागत भी बढ़ गई है, जिससे आयात महंगा हो गया है।
