नई दिल्ली। देश में बेरोजगारी की दर मासिक आधार पर बढ़कर मई, 2025 में 5.6 फीसदी पर पहुंच गई। अप्रैल में यह 5.1 फीसदी थी। इसका मुख्य कारण मौसमी बदलाव है। सोमवार को जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, महिलाओं में बेरोजगारी की दर पुरुषों से ज्यादा 5.8 फीसदी रही।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने देश में नौकरियों के लिए पात्र लोगों के बीच बेरोजगारों के अनुपात की वास्तविक समय पर निगरानी करने के प्रयासों के तहत पहला मासिक आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) मई में जारी किया था, जिसमें अप्रैल की बेरोजगारी दर 5.1% थी। देशभर में 15 से 29 आयु वर्ग में बेरोजगारी दर अप्रैल के 13.8 फीसदी से बढ़कर मई में 15 फीसदी के स्तर पर पहुंच गई।
शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर अप्रैल के 17.2 फीसदी से बढ़कर मई में 17.9 फीसदी हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में यह 12.3 फीसदी से बढ़कर 13.7 फीसदी हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार प्राथमिक क्षेत्र (कृषि) से हटकर द्वितीयक और सेवा क्षेत्रों में स्थानांतरित हो गया है। रबी कटाई सीजन खत्म होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में पुरुषों-महिलाओं के लिए कृषि गतिविधियों में कमी आई है, जिससे श्रमिकों की संख्या घटी है।
