संगम नगरी को जल्द ही अमृत भारत ट्रेन की सौगात मिल सकती है। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) अब प्रयागराज जंक्शन से अमृत भारत ट्रेन चलाने की योजना बना रहा है। यहां से मुंबई या पुणे रूट के लिए अमृत भारत ट्रेन चलाई जा सकती है। इसे लेकर एनसीआर मुख्यालय स्तर पर हलचल तेज हो गई है और संबंधित विभाग से इसकी व्यवहार्यता रिपोर्ट मांगी गई है।
हाल ही में जारी एक आधिकारिक पत्र के अनुसार एनसीआर मुख्य यात्री परिचालन प्रबंधक (सीपीटीएम) अजय प्रताप सिंह ने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) प्रयागराज से इस संबंध में पूछा है कि क्या प्रयागराज कोचिंग डिपो में अमृत भारत ट्रेनों के प्राइमरी मेंटेनेंस और अन्य जरूरी तकनीकी इंतजाम किए जा सकते हैं।
उनके इस पत्र से स्पष्ट हो गया है कि रेलवे प्रशासन प्रयागराज से पहली अमृत भारत ट्रेन चलाने जा रहा है।मौजूदा समय में प्रयागराज के सूबेदारगंज और छिवकी स्टेशन पर कुछ अमृत भारत ट्रेनों का ठहराव है। हालांकि, अभी एनसीआर के किसी भी स्टेशन से अमृत भारत ट्रेन नहीं चलाई जा रही है। सीपीटीएम द्वारा डीआरएम को भेजे गए पत्र के बाद चर्चा है कि मुंबई या पुणे के लिए प्रयागराज जंक्शन से अमृत भारत ट्रेन की शुरुआत हो सकती है।
