प्रयागराज। करेली थाना क्षेत्र के ऐनुद्दीनपुर मोहल्ले की गली नंबर 15 में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क पर नीचे झूल रहे बिजली के तार की चपेट में आकर एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली का तार काफी समय से नीचे लटका हुआ था, जिसकी शिकायत कई बार विद्युत विभाग से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार सुबह जब एक युवक और भैंस जा रहा था तो वह तार की चपेट में आ गई। तेज करंट लगने से भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक को भी करंट लगा। गनीमत रही कि वह जान बचाकर पीछे हट गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल ज़फ़र आलम, कांस्टेबल प्रियांशु और चालक मोहम्मद लईक अंसारी ने तत्काल विद्युत विभाग को सूचना दी और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों ने इस घटना को विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही करार देते हुए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
