पहले अप्रकाशित किताब और अब भारत-अमेरिका व्यापार समझौता। सोमवार से शुरू हो रहे संसद के बजट सत्र के अंतिम सप्ताह में विपक्ष के समझौते पर तेवर शेष कार्य दिवस की कार्यवाही भी लील सकता है।
दरअसल दोनों देशों के बीच हुए समझौते का स्वरूप सामने आने के बाद कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल कृषि क्षेत्र में देश की हुई कथित अनदेखी मामले में सरकार पर हमलावर हैं। कांग्रेस, सपा, डीएमके, टीएमसी जैसे दलों ने सोमवार को इस विषय पर कार्यस्थगन प्रस्ताव लाने की तैयारी की है। शुक्रवार को हंगामे के कारण दिन भर के लिए कार्यवाही स्थगित होने के बाद विपक्ष ने आम बजट पर चर्चा में भाग लेने के संकेत दिए थे।
कांग्रेस ने अप्रकाशित किताब विवाद को पीछे छोडने का संकेत दिया था, जबकि सपा, टीएमसी जैसे दलों का भी मानना था कि अब आम बजट पर चर्चा में भाग ले कर सरकार पर निशाना साधा जाए। हालांकि शनिवार को समझौते का स्वरूप सामने आने के बाद विपक्ष के रुख में बड़ा बदलाव आया है।
गौरतलब है कि बजट सत्र का पहला चरण आम बजट पेश होने के बाद से ही हंगामे में बीता है। इसकी शुरुआत नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की अप्रकाशित अंश पढने से शुरू हुई। इस विवाद पर हुए हंगामे के कारण कांग्रेस के 8 सदस्य पूरे सत्र के लिए निलंबित किए गए।
