नई दिल्ली/मधुबनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान व उसके पालतू आतंकी संगठनों को दो-टूक संदेश दिया कि पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों पर हमला करने वाले दहशतगर्दों और उनके आकाओं को ऐसी सजा दी जाएगी, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी। पीएम मोदी ने कहा, आतंकियों व उनके आकाओं को मिट्टी में मिला देंगे।
बिहार के मधुबनी में जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने इस वारदात को देश की आत्मा पर हमला करार दिया। पीएम के चेहरे पर आक्रोश साफ झलक रहा था। उन्होंने कहा, भारत हर आतंकी, उसके आकाओं और समर्थकों की पहचान कर उन्हें ट्रैक करेगा और दंड देगा। पहलगाम में आतंकियों ने निर्दोष लोगों को जिस बेरहमी से मारा है, उससे पूरा देश व्यथित है। इस दुख में पीड़ित परिवारों के साथ पूरा देश खड़ा है।मोदी ने कहा, इस आतंकी हमले में किसी ने बेटा तो किसी ने भाई और किसी ने अपना जीवनसाथी खोया है। वहां जिन्हें मारा गया उनमें से कोई बांग्ला, कोई कन्नड़ बोलता था। कोई मराठी, तो कोई उड़िया था। इनमें बिहार का लाल भी था। उन सभी की मृत्यु पर कारगिल से कन्याकुमारी तक हमारा दुख, हमारा आक्रोश एक जैसा है। पीएम ने कहा, यह हमला निहत्थेपर्यटकों पर नहीं हुआ है, देश के दुश्मनों ने भारत की आत्मा पर हमला करने का दुस्साहस किया है0।
