संयुक्त राष्ट्र/नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की प्रतिबंध समिति ने माना है कि पहलगाम में भारतीय पर्यटकों की नृशंस हत्या के लिए द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ही जिम्मेदार है। यह हमला पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-ताइबा की मदद के बिना संभव नहीं था।
परिषद के 1267 प्रतिबंध निगरानी दल की मंगलवार को जारी 36वीं रिपोर्ट में पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र है। रिपोर्ट में टीआरएफ और पाकिस्तान का स्पष्ट उल्लेख, पहलगाम हमले में पड़ोसी देश की संलिप्तता दुनिया के सामने उजागर करने में भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत है। यह जम्मू-कश्मीर में सीमापार से सरकार प्रायोजित आतंकवाद पर वैश्विक मुहर लगाता है।रिपोर्ट में कहा गया कि 22 अप्रैल को पांच आतंकियों ने पहलगाम में पर्यटकों पर हमला किया। टीआरएफ ने उसी दिन हमले की जिम्मेदारी ली। घटनास्थल की तस्वीरें भी जारी कीं। अगले दिन भी टीआरएफ ने दोबारा जिम्मेदारी ली, पर 26 अप्रैल को उसने अपने दावेको वापस ले लिया। इसके बाद टीआरएफ की ओर से कोई और बयान नहीं आया। न ही किसी अन्य समूह ने हमले की जिम्मेदारी ली।
