नई दिल्ली। प्रयागराज में संपन्न महाकुंभ को सबके प्रयास का साक्षात स्वरूप करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे देश की अगले एक हजार साल की यात्रा का अहम पड़ाव बताया। पीएम मोदी ने कहा, महाकुंभ में न सिर्फ जागृत भारत का प्रतिबिंब दिखा, बल्कि भारत ने पूरी दुनिया को अपने विराट स्वरूप का दर्शन भी कराया।
लोकसभा मंगलवार को पीएम मोदी ने महाकुंभ को नए संकल्पों की सिद्धि के लिए प्रेरित करने वाला बताया। उन्होंने बीते वर्ष अयोध्या के श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को भी याद किया। कहा, तब हमने महसूस किया था कि कैसे देश एक हजार साल के लिए तैयार हो रहा है। इसके ठीक एक साल बाद महाकुंभने इसे और दृढ़ किया है। इतिहास में कई ऐसे पल आए हैं, जिन्होंने देश को नई दिशा देने के साथ उसे झकझोर कर जागृत भी किया। इस क्रम में, पीएम ने स्वामी विवेकानंद के शिकागो में दिए भाषण, महात्मा गांधी के दांडी मार्च, नेताजी सुभाषचंद्र बोस के दिल्ली चलो जैसे ऐतिहासिक अवसरों का जिक्र किया। उन्होंने कहा, मैं महाकुंभ को भी ऐसे ही अहम पड़ाव के रूप में देखता हूं।
