प्रयागराज। गंगा पर निर्माणाधीन महाकुंभ के ड्रीम प्रोजेक्ट सिक्सलेन सेतु का निर्माण सोमवार को आरंभ हो गया। इस सेतु को महाकुंभ से पहले पूरा कर लिया जाना था, लेकिन समय और संसाधनों की कमी की वजह से यह परियोजना लटक गई थी। इसके विकल्प के तौर पर स्टिल ब्रिज का निर्माण कराकर लखनऊ-रायबरेली रूट के तीर्थयात्रियों को संगम की राह सुगम बनाने की कोशिश की गई थी।
फाफामऊ मलाक हरहर से लेकर स्टेनली रोड तक गंगा नदी पर बन रहे सिक्स लेन पुल का निर्माण कार्य एक बार फिर से शुरू हो गया है। 78 फीसदी पूरे हो चुके पुल का निर्माण हर हाल में दिसंबर माह तक पूरा किया जाना है। पर्याप्त संख्या में मजदूर न मिलने की वजह से पुल का काम महाकुंभ के दौरान रोकना पड़ गया था। अब एक बार फिर पुल का निर्माण शुरू कर दिया गया है।
एनएचएआई की ठेका कंपनी एसपी सिंगला के अभियंताओं का कहना है कि अब भी मजदूर पर्याप्त नहीं मिल पा रहे हैं। इसके बावजूद पुल का काम शुरू कर दिया गया है। दूसरी तरफ महाकुंभ के दौरान गंगा पार करने के लिए अस्थायी तौर पर तैयार किए गए स्टील ब्रिज पर यातायात सोमवार की शाम से रोक दिया गया। इस ब्रिज को सिक्स लेन पुल न तैयार होने की वजह से मेले के दौरान तैयार किया गया था।
अभियंताओं के मुताबिक सुरक्षा सहित अन्य कारणों को ध्यान में रखते हुए स्टील ब्रिज पर यातायात रोका गया है। कुछ ही दिन के बाद स्टिल ब्रिज को हटा लिया जाएगा। इसके अलावा सिक्स लेन पुल का काम हर हाल में दिसंबर माह तक पूरा करने की तैयारी है।
