नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में ख्यात कलाकार मोहनलाल को प्रतिष्ठित दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया। मोहनलाल ने इस सम्मान को मलयालम सिनेमा को समर्पित किया। राष्ट्रपति ने 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार वितरण समारोह में बॉलीवुड किंग शाहरुख खान को फिल्म जवान और विक्रांत मैसी को फिल्म 12वीं फेल के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता सम्मान से नवाजा। वहीं, रानी मुखर्जी को मिसेज चटर्जी वर्सेस नार्वे के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया।
शाहरुख खान और रानी मुखर्जी ने अपने करीब तीन दशक के करियर में पहली बार भारतीय सिनेमा में सबसे अहम स्थान रखने वाला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार हासिल किया है। दोनों ही सम्मान पाकर काफी भावुक दिखे। राष्ट्रपति मुर्मू ने इस मौके पर कहा कि भारतीयफिल्म केवल मनोरंजन ही नहीं करतीं, बल्कि सामाजिकता का संदेश भी देती है। भारतीय सिनेमा में क्षेत्रीय भाषाएं ऐसे खूबसूरत गहने हैं जो अपने उत्कृष्ट सिनेमा से दुनिया में देश का परचम बुलंद करते हैं। राष्ट्रीय पुरस्कार वर्ष 2023 के लिए दिए गए हैं।
