मॉस्को। औद्योगिक क्षेत्र में श्रमबल की भारी कमी से जूझ रहा रूस जल्द ही भारत के 10 लाख कुशल कामगारों को अपने यहां नौकरियां देगा। एक रूसी उद्योगपति ने बताया कि इसके लिए येकातेरिनबर्ग में एक नया महावाणिज्य दूतावास खोला जा रहा है, जिसकी देखरेख में इस साल के अंत तक भर्ती प्रक्रिया पूरी होगी।
यूराल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रमुख आंद्रे बेसेदिन ने रूसी समाचार एजेंसी को बताया कि जहां तक मुझे जानकारी है… इस साल के अंत तक भारत से 10 लाख विशेषज्ञ रूस आएंगे। येकातेरिनबर्ग में एक नया महावाणिज्य दूतावास खुल रहा है, जो इन मुद्दों से निपटेगा। उन्होंने कहा, भारतीय पेशेवरों के यहां आने से स्वेर्दलोव्स्क क्षेत्र में उच्च योग्य कार्यबल की कमी पूरी हो जाएगी। रूस में स्वेर्दलोव्स्क प्रांत में विश्व प्रसिद्ध यूरालमाश और टी-90 श्रृंखला के टैंक निर्माता यूराल वैगन जोवोद जैसी कंपनियों के संयंत्र हैं। इन संयंत्रों में अच्छे कामगारों की कमी को पूरा करने के लिए प्रयास जारी हैं।
