Homeआर्थिकलखनऊ को बड़ी सौगात: अब प्रोटॉन बीम थेरेपी से होगा कैंसर का...

लखनऊ को बड़ी सौगात: अब प्रोटॉन बीम थेरेपी से होगा कैंसर का सटीक इलाज

चक गंजरिया स्थित कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान में इलाज के लिए प्रोटॉन बीम थेरेपी की शुरुआत होगी। इस तकनीक में सिर्फ ट्यूमर पर हमला किया जाएगा। इससे स्वस्थ ऊतकों को नुकसान नहीं पहुंचता है। फिलहाल इसकी सुविधा देश में सिर्फ मुंबई के टाटा अस्पताल और चेन्नई के एक निजी अस्पताल में ही उपलब्ध है।

कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान की 12वीं शासी निकाय की बुधवार को लोकभवन में मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस दौरान संस्थान के कई अहम मुद्दे उठाए गए। प्रोटॉन बीम थेरेपी की बंकर समेत कीमत करीब 750 करोड़ रुपये होगी। यह विशेष रूप से बच्चों और जटिल, महत्वपूर्ण अंगों के करीब स्थित ट्यूमर के मामले में बेहद फायदेमंद है। रेडिएशन से होने वाला नुकसान इसमें बेहद कम होता है।

संस्थान में इसके साथ ही क्वाटरनरी कैंसर केयर सेंटर की अनुमति दी गई। इसमें जटिल और उन्नत कैंसर उपचार के लिए समर्पित अत्याधुनिक तकनीक, उच्चस्तरीय विशेषज्ञता और बहुविषयक टीम एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेगी। इससे मरीज की देखभाल और इलाज बेहद प्रभावी तरीके से किया जाएगा। बैठक में ऑन्को-पैथोलॉजी में पोस्ट-डॉक्टरल सर्टिफिकेट कोर्स, गायनकोलॉजिकल ऑन्कोलॉजी और सर्जिकल ऑन्कोलॉजी में एमसीएच पाठ्यक्रम शुरू करने पर भी सहमति बनी। इसके साथ ही पीएचडी के नए अध्यादेश को भी मंजूरी दी गई। बैठक में संस्थान के निदेशक प्रो. एमएलबी भट्ट और संस्थान के रजिस्ट्रार डॉ. आयुष लोहिया मौजूद रहे।

मिलेगा आधुनिक रेडियोलॉजी सुविधाओं का लाभ : संस्थान के रेडियोडायग्नोसिस विभाग में टेली रेडियोलॉजी सेवाओं की अनुमति भी बैठक में दी गई। यहां एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्सरे और डिजिटल मैमोग्राफी सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त एडवांस्ड कैंसर रिसर्च सेंटर की स्थापना, एंडवांस्ड मॉलिक्यूलर लैब, सेंटर फॉर एडवांस मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक एंड रिसर्च फॉर कैंसर की ओर से अलग-अलग लैब जांच की कीमतों को भी मंजूरी दी गई।

Freedom News
Freedom Newshttps://freedomnews.in
Now get the fairest, reliable and fast news, only on Freedom News.in. Find all news related to the country, abroad, sports, politics, crime, automobile, and astrology in Hindi on Freedom News.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments