इलाहाबाद हाईकोर्ट में वाराणसी स्थित ज्ञानवापी मस्जिद के वजूखाना के वैज्ञानिक सर्वे की मांग को लेकर दाखिल याचिका पर सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी। न्यायालय ने मामले की सुनवाई स्थगित करते हुए अगली तिथि 3 जनवरी 2026 नियत की है।
यह आदेश न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल की एकलपीठ ने राखी सिंह द्वारा दायर याचिका पर पारित किया। याचिका में वजूखाना के वैज्ञानिक सर्वे की मांग करते हुए कहा गया है कि इससे विवादित धार्मिक स्थल के धार्मिक चरित्र की पहचान हो सकेगी।
मामले में मुस्लिम पक्ष की ओर से सर्वे का विरोध किया जा रहा है। सुनवाई के दौरान कोर्ट के संज्ञान में यह तथ्य आया कि पूजा स्थल (विशेष प्रावधान) अधिनियम तथा ज्ञानवापी से जुड़े प्रकरण को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका पहले से लंबित है। इस स्थिति को देखते हुए हाईकोर्ट ने सुनवाई स्थगित कर दी और अगली तारीख तय कर दी।
