नई दिल्ली। बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण पर विवाद बढ़ता जा रहा है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के अफसर भाजपा के लिए वोटों की चोरी कर रहे हैं। कांग्रेस के पास इस दावे को साबित करने के लिए सबूतों का एटम बम है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने उनके दावे पर पलटवार करते हुए कहा, राहुल गांधी सांविधानिक संस्थाओं को धमका रहे हैं। चुनाव आयोग ने भी राहुल के आरोपों को गैर-जिम्मेदाराना व निराधार बताते हुए खारिज कर दिया।
संसद परिसर में राहुल ने कहा, जब वे यह एटम बम फोड़ेंगे तो आयोग को मुंह छिपाने के लिए भीजगह नहीं मिलेगी। आयोग में ऊपर से नीचे तक जो लोग इसमें शामिल हैं, उन्हें याद रखना चाहिए कि उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने देशद्रोह किया है। वह सेवानिवृत्त हो जाएंगे और कहीं भी होंगे, हम उन्हें ढूंढ़ लेंगे। वहीं, विपक्ष ने शुक्रवार को भी संसद के दोनों सदनों में हंगामा किया। इस तरह इस मुद्दे पर पूरे सप्ताह संसद की कार्यवाही बाधित हुई
