वाशिंगटन/बैंकॉक। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा, ब्राजील, भारत और ताइवान सहित 69 देशों और 27 सदस्य देशों वाले ईयू से होने वाले आयात पर टैरिफ की नई दरों वाले कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इसके साथ अमेरिकी अर्थव्यवस्था में संरक्षणवाद का नया दौर आरंभ हो गया है। कभी व्यापार में संरक्षणवाद का कट्टर विरोधी रहा अमेरिका, अब उसी राह पर चल पड़ा है। टैरिफ की इस नई लहर के कारण शुक्रवार को वैश्विक शेयर बाजारों में तगड़ी गिरावट दिखी।
ट्रंप की नई टैरिफ दरों में कनाडा से आयातित कई वस्तुओं पर 35%, ब्राजील पर 50%, भारत पर 25%, ताइवान पर 20% और स्विट्जरलैंड पर 39% शुल्क शामिल है। आर्थिक विश्लेषकों के अनुसार, राष्ट्रपति के आदेश में 69 देशों के लिए सात दिनों में 10% से 41% तक की उच्च आयात शुल्क लगाने की बात की गई है। वहीं, चीन को ट्रंप प्रशासन के साथ एक स्थायी टैरिफ समझौते पर पहुंचने के लिए 12 अगस्त की समय सीमा का सामना करना पड़ रहा है। एक अमेरिकी अधिकारी ने पत्रकारों बताया कि वे इस समझौते की दिशा में प्रगति कर रहे हैं।
