मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) की 10वीं की परीक्षा के दौरान एक छात्रा की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, छात्रा वर्षा कुशवाहा मुरैना के पंडित नेहरू पार्ट टू कॉलेज परीक्षा केंद्र पर गणित का पेपर दे रही थी। अचानक उसकी तबीयत बिगडी और बेहोश होकर गिरने के बाद उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच में मौत का कारण दिल का दौरा बताया जा रहा है।
परिजनों ने बताया कि वर्षा, सेंट पॉल स्कूल की छात्रा थी। वह पूरी तरह स्वस्थ और सामान्य स्थिति में परीक्षा देने केंद्र पहुंची थी। सुबह उसके पिता ने उसे स्कूल छोड़ा था। लेकिन पेपर हल करने के दौरान वर्षा अचानक डेस्क पर ही गिर पड़ी। केंद्र के स्टाफ और पर्यवेक्षकों ने उसे प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की और तुरंत ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही छात्रा की मौत हो चुकी थी।
मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने कहा कि डॉक्टरों के अनुसार शुरुआती वजह छात्रा के गंभीर कुपोषण और एनीमिया (खून की कमी) की हो सकती है। क्योंकि, रेड ब्लड सेल्स की अत्यधिक कमी के कारण उसके हृदय पर दबाव बढ़ा, जो बोर्ड परीक्षा के तनावपूर्ण माहौल में घातक साबित हुआ।
