प्रयागराज। बार-बार आपराधिक वारदात को अंजाम देने वाले आदतन अपराधियों पर जल्द ही शिकंजा कसने वाला है। इन सभी की हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी है। इसके बाद इनकी हर गतिविधियों की पुलिस निगरानी करेगी। इनका सत्यापन होगा और निरोधात्मक कार्रवाई भी होगी। जिले के सभी थाना प्रभारियों को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने कहा है, ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाए, जिनका नाम बार-बार आपराधिक वारदात में आ रहा है। ऐसे लोगों की सूची बनाई जाए और मुकदमों के आधार पर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई की जाए। इसके अलावा जो पुराने हिस्ट्रीशीटर हैं, उनकी निगरानी बढ़ाई जाए। पुलिस नियमित तौर पर उनके ठिकानों पर दस्तक दे और पता लगाए कि उनकी मौजूदा गतिविधियां क्या हैं। अपराध में सक्रिय होने पर उनके खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जाए। चालानी रिपोर्ट गुंडा एक्ट कोर्ट में प्रेषित की जाए जिले में लगभग 2000 हिस्ट्रीशीटरः मौजूदा समय में जिले में करीब 2000 हिस्ट्रीशीटर हैं। पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान यह संख्या 2,163 थी। इनमें से कुछ की मौत हो चुकी है। पुलिस आयुक्त के. आदेश के बाद यह संख्या बढ़ सकती है।
