दीर अल-बला। गाजा पट्टी में इस्त्राइल के हवाई हमलों और गोलीबारी में पिछले 48 घंटों में 78 फलस्तीनियों की मौत हुई है। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में कई लोग भोजन की तलाश में थे। इस बीच जरूरतमंदों को पहुंचाई जाने वाली 55 ट्रक सहायता भुखमरी के शिकार लोगों ने रास्ते में ही लूट ली। उधर, गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 21 माह के भीतर इस युद्ध में गाजा पट्टी में 60,000 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।
गाजा में भुखमरी के बढ़ते संकट को लेकर बढ़ते दबाव के बीच इस्त्राइल ने गत सप्ताह गाजा सिटी, दीर अल-बला और मुवासी क्षेत्रों में रोज 10 घंटे सैन्य कार्रवाई रोककर मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए सुरक्षित रास्तों की व्यवस्था की घोषणा की थी।
हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि गाजा पहुंचने वाले उसके सभी 55 ट्रक को गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही भीड़ ने लूट ली। यूएन की खाद्य एजेंसी के प्रवक्ता मार्टिन पेनर ने हालात गंभीर बताए। खाद्य संकटों से जुड़े अंतरराष्ट्रीय प्राधिकरण ने कहा है कि इस समय गाजा पट्टी में भुखमरी से बचाव के लिए यदि तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो इससे बड़ी संख्या में लोगों के जान गंवाने की आशंका है।
