नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता राष्ट्रीय सुरक्षा व आतंकवाद का खात्मा नहीं, बल्कि वोट बैंक व तुष्टिकरण की राजनीति है। राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा का जवाब देते हुए शाह ने कहा कि पहलगाम हमले के पीड़ितों के परिवार चाहते थे कि तीनों आतंकवादियों को सिर में गोली मार दी जाए। ऑपरेशन महादेव में उनका यही हश्र हुआ, तीनों के सिर में गोली दागी गई। शाह ने कहा कि इसकी भी पुष्टि हो गई है कि मारे गए तीनों पाकिस्तानी थे, इनके पास से मिले पहचान पत्रों से साफ है कि वे लश्कर-ए-ताइबा के दहशतगर्द थे।
गृह मंत्री ने कहा, ऐसा बर्बर अपराध पहले कभी नहीं हुआ, जहां महिलाओं व बच्चों के सामने लोगों की हत्या करने से पहले उनका धर्म पूछा गया हो। इनके दोषियों को सजा दी जा चुकी है। मारे गए आतंकियों के पास से पाकिस्तानी वोटर आईडी कार्ड व वहीं बनी चॉकलेट भी बरामद हुई है, जिससे उनके पाकिस्तानी होने की पुष्टि होती है। शाह ने कहा, कल आप (कांग्रेस) पूछते रहे किपहलगाम के आतंकवादी क्यों मारे गए? मैं पूछता हूं कि उन्हें क्यों नहीं मारा जाना चाहिए था? क्योंकि राहुल गांधी को अपना भाषण देना था? आज पूरे देश ने देखा है कि कांग्रेस की प्राथमिकता राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद का खात्मा नहीं, बल्कि राजनीति, वोट बैंक और उनकी तुष्टिकरण की राजनीति है
