प्रयागराज। कमिश्नरेट प्रयागराज में द्वितीय उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक खेल प्रतियोगिता 2025 का आयोजन 29 अगस्त से दो सितंबर तक रिजर्व पुलिस लाइन के खेल मैदान में किया जा रहा है। इसमें कबड्डी, खो-खो, फेंसिंग एवं जिम्नास्टिक की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ, पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार (आईपीएस) ने किया।उद्घाटन समारोह में सभी जोन के खिलाड़ियों ने पुलिस/पीएसी बैंड की धुन पर मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। इस वर्ष प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस के कुल 11 जोन की टीमों (महिला/पुरुष) के लगभग 940 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
शुक्रवार का प्रथम कबड्डी लीग मैच लखनऊ और बरेली जोन केबीच खेला गया, जिसमें बरेली जोन की टीम ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर अगले चरण में प्रवेश किया। समारोह में एन. कोलांची, आयोजन सचिव/अपर पुलिस आयुक्त, नीरज पांडेय, नोडल अधिकारी कबड्डी कलस्टर, अभिषेक भारती, कुलदीप सिंह गुनावत, विवेक चंद्र यादव,अभिजीत कुमार, पुष्कर वर्मा, कृतिका शुक्ला और राजकुमार मीना समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के शेष मैच 30 अगस्त को कबड्डी और खो-खो पुलिस लाइन खेल मैदान तथा जिम्नास्टिक बी.एच.एस. परिसर के जिम्नास्टिक हाल में होंगे।
