नई दिल्ली। स्टॉकिस्टों की ताजा खरीदारी और मजबूत वैश्विक संकेतों के चलते शुक्रवार को दिल्ली सराफा बाजार में सोना 900 रुपये महंगा होकर रिकॉर्ड 1,06,970 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पहुंच गया। बुधवार को यह 1,07,070 रुपये प्रति 10 ग्राम की रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ था। हालांकि, बृहस्पतिवार को सोना 1,000 रुपये फिसलकर
1,06,070 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। चांदी की कीमत बिना किसी उतार चढ़ाव के 1,25,600 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर स्थिर रही।सराफा कारोबारियों ने कहा, फेड रिजर्व की 16-17 सितंबर को होने वाली मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक में ब्याज दरों में कटौती का विकल्प चुने जाने की संभावना के बीच सोने की तेजी को रफ्तार मिल रही है।एचडीएफसी सिक्योरिर्टीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा, अमेरिका में ब्याज दरों में कमी और सुरक्षित् निवेश की मांग बढ़ने की उम्मीदों के चलते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन सोने की कीमतों में तेजी आई। उन्होंने कहा, रूस और यूक्रेन के बीच शांतिसमझौते को लेकर कोई संकेत नहीं मिलने के कारण सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ रही है। वैश्विक बाजारों में हाजिर सोना बढ़कर 3,551.44 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद ग्राहक अब हल्के वजन वाले गहने खरीदने की योजना बना रहे हैं। इस त्योहारी सीजन में वजन में भले ही सोने की मांग कम रहेगी, पर मूल्य के लिहाज से इसमें तेजी बनी रहेगी।एमएमटीसी-पैम्प के सीईओ समित गुहा कहते हैं, दाम बढ़ने से सोने में अच्छा निवेश हो रहा है। लेकिन, गिफ्टिंग और उपयोग वाले गहनों की खरीदी वजन के लिहाज से कम हो गई हैकंपनी सालाना 70-80 टन सोना बेचती है। यह मूलरूप से जूलरों को बेचती है। 5-6 टन सोना गहनों के रूप में बेचती है। अगले तीन साल में 100-स्टोर खोलने की योजना है।
