प्रयागराज। धूमनगंज थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में सीएम ग्रिड के प्रोजेक्ट मैनेजर सतेंद्र कुमार पर हमला करने के मामले में भाजपा पार्षद पति पप्पू केसरवानी, अनिल केसरवानी और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बृहस्पतिवार को ऑफिस में घुसकर बदमाशों ने हॉकी से हमला किया था और जाते समय नकदी व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
सतेंद्र कुमार बुलंदशहर के स्थाना थाना क्षेत्र के निवासी हैं और प्रीति विल्ड कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड में प्रोजेक्ट मैनेजर हैं। यह कंपनी सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत ट्रांसपोर्ट नगर में अंडर ग्राउंड विद्युतीकरण, सौंदर्याकरण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और सड़क चौड़ीकरण का कार्य कर रही है।
सतेंद्र ने शुक्रवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 11. सितंबर को दोपहर करीब 2:16 बजे पप्पू केसरवानी ने उन्हें कांफ्रेंस कॉल कर अनिल केसरवानी से बात कराई। अनिल ने नाली का काम ठीक न कराने पर एक घंटे में मारपीट की धमकी दी।कॉल कटने के करीब 45 नवनीत और अरुण पांडे के साथ अज्ञात लोग ऑफिस के बाहर आए। उस समय वह अपने साथी अंदर बैठे थे।
तीनों लोग अंदर घुसे, नाम लेते हुए उनके बारे पूछा। उनके बोलते ही सभी को गाली देते हुए तीनों ने हॉकी से हमला कर दिया। इसमें उनका वांया हाथ टूट गया और सिर पर 14 टांके आए।
एक आरोप यह भी है कि जाते समय हमलावर आलमारी में रखे 3.2 लाख नकद तथा उनका व उनके एक साथी का मोबाइल फोन लेकर आरोपी फरार हो गए। तहरीर के मुताबिक, हमले में बच्चा पासी के भी शामिल होने की आशंका जताई गई है।
इंस्पेक्टर अमरनाथ राय ने बताया कि पप्पू केसरवानी, अनिल केसरवानी और तीन अज्ञात समेत पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
