कांग्रेस सांसद शशि थरूर शुक्रवार को केरल विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में दिल्ली में बुलाई गई पार्टी हाईकमान की अहम बैठक में शामिल नहीं हुए, लेकिन वह तिरुवनंतपुरम में पीएम मोदी के कार्यक्रम में मौजूद रहे। कांग्रेस की बैठक से गैरमौजूदगी को लेकर यह चर्चा तेज हो गई कि वह राहुल गांधी से नाराज हैं और पर्याप्त सम्मान नहीं मिलने से असंतुष्ट हैं।
हालांकि, बाद में कांग्रेस सूत्रों ने स्पष्ट किया कि थरूर ने केरल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में मौजूद रहने के लिए बैठक से अनुपस्थित रहने की अनुमति पहले ही ले ली थी।कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, शशि थरूर अपने संसदीय क्षेत्र तिरुवनंतपुरम में मौजूद रहना चाहते थे, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को रोड शो और जनसभा की। इससे पहले, सूत्रों ने संकेत दिया था कि थरूर ने दिल्ली की बैठक में भाग नहीं लिया क्योंकि उन्हें कोच्चि में महापंचायत के एक कार्यक्रम में अपमानित’ महसूस किया था, जहां पार्टी सांसद राहुल गांधी भी मौजूद थे।
थरूर कांग्रेस के राज्य (केरल) और केंद्रीय नेतृत्व दोनों से नाराज बताए जा रहे हैं, जिसके कारण उन्होंने बैठक में शामिल न होने का निर्णय लिया। 19 जनवरी को कोच्चि के कार्यक्रम में बैठने की व्यवस्था और वक्ताओं के क्रम को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी। बताया गया कि थरूर से कहा गया था कि उनके बाद केवल राहुल गांधी ही संबोधित करेंगे, लेकिन बाद में कई अन्य नेताओं ने भी भाषण दिया। इससे थरूर नाराज हो गए थे।
