मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पूर्वांचल में कई स्थानों पर हल्की से सामान्य वर्षा होने या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का भी अनुमान है।
पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश हो सकती है। इसी क्रम में 20 व 21 अगस्त को पश्चिमी यूपी में अधिकांश स्थानों और पूर्वांचल में कई स्थानों पर बारिश होने के आसार जताए गए हैं।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कहीं हल्की से सामान्य बारिश हुई तो कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं। पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी सूचना है। इस अवधि में बलरामपुर के तुलसीपुर, बहराइच के कतर्नियाघाट में नौ-नौ, प्रतापगढ़ के कुण्डा में सात, बस्ती, सीतापुर के नीमसार में पांच-पांच, अयोध्या, खीरी के धौरहरा, प्रयागराज के बर्रा में चार-चार, महोबा, वाराणसी में तीन-तीन, खीरी के पलियाकलां, बाराबंकी के रामसनेहीघाट पर दो-दो सेण्टीमीटर बारिश दर्ज की गई।
Samiksha
