कानपुर। पहलगाम में आतंकवादियों की गोली का शिकार हुए शुभम द्विवेदी के पार्थिव शरीर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। परिजन को ढाढ़स बंधाते हुए सीएम ने कहा कि जिन आतंकियों ने मां-बहनों के सामने उनका सिंदूर उजाड़ा है, जल्द ही देश और दुनिया के लोग उनका हश्र देखेंगे।गुरुवार सुबह शुभम के महाराजपुर स्थित घर पहुंचे सीएम योगी ने कहा कि पहलगाम में घटी आतंकी घटना वीभत्स और कायराना है। इससे पता चलता है कि आतंकवाद अपनी अंतिम सांस ले रहा है। सीएम ने परिजन से मुलाकात की। जैसे ही शुभम की पत्नी ऐशान्या ने सीएम को देखा तो फफक कर रो पड़ीं। सीएम से बोलीं, बदला चाहिए नहीं तो मैं मर जाऊंगी सर। आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। सीएम ने किसी तरह शांत कराया और हर हाल में बदला लेने का भरोसा भी दिया। परिजन से मिलने के बाद सीएम भावुक हो गए और आंसू पोछते हुए बाहर निकले। मीडिया से उन्होंने कहा कि सरकार आतंकी और उग्रवादी घटनाओं पर जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ काम कर रही है। आतंकी घटना को अंजाम देने वालेइन विषैले फनों को पूरी शक्ति से कुचला जाएगा। इस तरह के कृत्य में शामिल आतंकवादियों और उनके आकाओं को इसकी सजा जरूर मिलेगी। महाराजपुर स्थित गंगा किनारे ड्योढ़ी घाट पर गुरुवार सुबह 11:30 बजे शुभम का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके चाचा मनोज द्विवेदी ने मुखाग्नि दी।
