प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने तीसरी बार प्रवक्ता (पीजीटी) भर्ती परीक्षा-2022 स्थगित कर दी है। मंगलवार को आयोग की बैठक में यह निर्णय लिया गया। परीक्षा 18 और 19 जून को होनी थी। तीन साल से परीक्षा का इंतजार कर रहे साढ़े चार लाख अभ्यर्थियों में आयोग के इस फैसले से नाराजगी है।
आयोग के परीक्षा नियंत्रक एवं प्रभारी सचिव देवेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, अगस्त के अंतिम सप्ताह में पीजीटी परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है, लेकिन तिथि घोषित नहीं की गई है। नई परीक्षा तिथि वेबसाइट www.upessc.up.gov.in के माध्यम से जल्द ही घोषित की जाएगी।
इस परीक्षा के तहत अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में पीजीटी के 624 पदों पर भर्ती होनी है, जिसके लिए 4.50 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। इससे पहले 11 और 12 अप्रैल 2025 को परीक्षा होनी थी, जिसे स्थगित कर 20 व 21 जून 2025 को कृराने का निर्णय लिया गया था, लेकिन दूसरी बार इससे टालते हुए नई तिथि 18 व 19 जून निर्धारित की गई थी और अब यह परीक्षा अगस्त के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित की गई है।आयोग ने परीक्षा स्थगित करने के पीछे अपरिहार्य कारण बताए हैं, वहीं सूत्रों का कहना है कि जून-2024 में जारी नई गाइडलाइन तहत पर्याप्त तैयारी नहीं हो पाने के कारण आयोग को परीक्षा स्थगित करनी पड़ी है। फिलहाल, तीसरी बार परीक्षा स्थगित – होने से लाखों अभ्यर्थियों को झटका लगा है और उन्हें अब नई तिथि का इंतजार है।
