प्रयागराज। जनसुनवाई जैसी संवेदनशील और शासन की प्राथमिकता में शामिल प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ प्रयागराज जीन के एडीजी डॉ. संजीव गुप्ता ने बड़ा कदम उठाया है। जनहित से जुड़ीं शिकायतों पर गंभीरता न दिखाने वाले कुल 17 पुलिस अफसरों को चेतावनी जारी की गई है। इन अधिकारियों ने एक हफ्ते के भीतर एक भी शिकायत पर खुद से कोई कार्रवाई नहीं की। गोपनीय रूप से जांच कराने के बाद यह कार्रवाई की गई है।जोन व रेंज स्तर पर लगातार पहुंच रही थी शिकायतें सूत्रों के मुताबिक, जोन व रंज स्तर पर लगातार कुछ जनपदों से फरियादियों की शिकायतें पहुंच रही थीं। इस पर गोपनीय जांच कराई गई। पता लगाया गया कि आखिर क्यों शिकायतें उच्चाधिकारियों तक दोबारा पहुंच रही हैं। स्थानीय स्तर पर उनका निस्तारण क्यों नहीं हो पा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इसमें सामने आया कि 17 अफसरों ने न केवल जनता की शिकायतों को अनसुना किया, बल्कि एक भी मामले में स्वयं पहल कर न कार्रवाई की और न ही फॉलोअप किया। यही नहीं, कई अधिकारी तो मीटिंग में दिए गए निर्देशों को भी हल्के में लेते रहे।
फतेहपुर के चार अफसर निशाने पर : एक तथ्य यह भी है कि चिह्नित किए गए 17 पुलिस अफसरों में से चार अकेले फतेहपुर जनपद से हैं। इनमें तीन सीओ और एक एडिशनल एसपी शामिल हैं। इससे यह भी कहा जा रहा है कि जोन के फतेहपुर जिले में जनसुनवाई की व्यवस्था का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन नहीं किया जा रहा है। वहीं, अन्य चिह्नित अफसर प्रयागराज जोन के प्रतापगढ़, कौशाम्बी, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर और महोबा जिलों से हैं।
