प्रयागराज। राजकीय महाविद्यालयों में प्रांतीय उच्चतर शिक्षा समूह-कं सेवा संवर्ग के प्रवक्ताओं एवं प्राचार्यों के ऑनलाइन स्थानांतरण की प्रक्रिया 12 जून से शुरू होगी। इस बाबत विशेष सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने बुधवार को उच्च शिक्षा निदेशक को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
एनआईसी द्वारा ऑनलाइन स्थानांतरण के पोर्टल को तैयार करने, राजकीय महाविद्यालयों की ओर से ऑनलाइन वैकेंसी को भरे जाने, उच्च शिक्षा निदेशालय द्वारा पोर्टल पर भरी गई वैकेंसी को सत्यापित करने और स्थानांतरण के इच्छुक आवेदकों द्वारा आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया 12 जून को दोपहर 12 बजे से 13 जून को दोपहर एक बजे तक पूरी की जाएगी।
संबंधित प्राचार्य द्वारा आवेदकों के फॉर्म का सत्यापन 12 जून को दोपहर 12 बजे से 13 जून को दोपहर दो बजे तक किया जाएगा। निदेशक लॉगइन पर आवेदकों के फॉर्म फॉरवर्ड करने की प्रक्रिया 13 जून दोपहर तीन बजे तक पूरी की जाएगी और उसी दिन डाटा प्रोसेसिंग की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। 14 जून तक स्थानांतरण आदेश डाउनलोड कर दिए जाएंगे।
विशेष सचिव ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से वर्तमान में कुल कार्यरत प्रवक्ताओं के 20 प्रतिशत तक ही स्थानांतरण किए जाएंगे। राजकीय महाविद्यालय के प्राचायों के स्थानांतरण ऑनलाइन प्रणाली के
माध्यम से किए जाएंगे। स्नातक स्तर के प्राचार्य स्नातक महाविद्यालयों और स्नातकोत्तर स्तरके प्राचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में तबादले के लिए अर्ह होंगे। महत्वाकांक्षी जिला योजना के जिलों में से किसी प्रवक्ता को स्थानांतरित नहीं किया जाएगा, लेकिन अन्य जिलों से इन जिलों में स्थानांतरण संभव हो सकेगा।
ऐसे महाविद्यालय जहां तीन से कम प्रवक्ता तैनात हैं, उन कॉलेजों के प्रवक्ताओं को ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से आवेदन करना होगा, लेकिन उनका स्थानांतरण आदेश तभी तक मान्य होगा जब तक उस महाविद्यालय में ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से कोई दूसरा प्रवक्ता कार्यभार ग्रहण न कर ले।
