ख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेधावियों को सफल होने के लिए सीख देते हुए कहा कि जीवन में खुशियों के साथ चुनौतियां भी आती हैं। इससे जूझते हुए जो रास्ता निकालता है, वहीं सफलता हासिल करता है। परिश्रम फल जरूर देता है। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता है। मेहनत के बाद मिली सफलता निर्भीक बनाती है। आत्मविश्वास पैदा करती है। संवेदनशीलता और निष्पक्षता लाती है।
अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह में मेधावियों को बधाई देते हुए सीएम ने कहा कि संघर्ष और पुरुषार्थ से आप जो अर्जित करेंगे, वह आपके जीवन को स्थायित्व देगा। उन्होंने कहा कि अमर उजाला ने मेधावियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन दिया है। ऐसे कार्यक्रमों में सहभागिता अमर उजाला की समग्र सोच को दर्शाती है। आज का दिन आप सभी के लिए महत्वपूर्ण है। पहले प्रदेश सरकार और फिर अमर उजाला द्वारा आपको सम्मानित किया जा रहा है। इस अवसर पर सीएम ने 12 मेधावी छात्र-छात्राओं को ई-स्कूटी की चाबी, प्रशस्ति पत्र, मेडल देकर सम्मानित किया।
साथ ही, 10 विपन्न मेधावी छात्र-छात्राओं को 50-50 हजार रुपये के चेक सौंपते हुए कहा कि इन्होंने विपन्नता को बाधा नहीं बनने दिया। हर चुनौती का सामना करते हुए आगे बढ़े। इस अवसर पर सीएम ने संस्कृत बोर्ड के सात मेधावियों को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान, मयंकेश्वर शरण सिंह, संजय सिंह गंगवार, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
