ईरान-इजराइल के बीच 12 दिनों तक चले युद्ध के दौरान इजराइल ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को निशाना बनाने की हरसंभव कोशिश की. लेकिन 86 साल के खामेनेई बंकर में छिपकर मौत के मुंह से बाहर निकल आए. इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने शुक्रवार को कहा कि अगर खामेनेई हमारी पहुंच में होते, तो हम उन्हें खत्म कर देते. लेकिन उन्होंने खतरे को भांप लिया, जमीन के नीचे चले गए और सारे सैन्य कमांडरों से संपर्क तोड़ लिया.
बता दें कि इस युद्ध की शुरुआत 13 जून को हुई थी, जब इजराइल ने ईरान पर कई हमले किए. जवाबी कार्रवाई में ईरान ने 550 से अधिक मिसाइलें इजराइल की ओर दागीं, जिनमें से90% को इजराइली डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिया. लेकिन युद्ध का असली टारगेट शायद खामेनेई ही थे, जिसे खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी एक सोशल मीडिया पोस्ट में इशारों-इशारों में कबूल किया. ट्रंप ने 17 जून को सोशल मीडिया में लिखा कि हमें पता है सर्वोच्च नेता कहां छिपे हैं वह एक आसान लक्ष्य हैं लेकिन फिलहाल हम उन्हें नहीं मारेंगे.
