प्रयागराज । गर्मी की छुट्टी के बाद मंगलवार से स्कूल खुल रहे हैं। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए अनफिट स्कूली वाहनों के खिलाफ संभागीय परिवहन विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाने की तैयारी भी कर ली गई है। इसके लिए आरटीओ प्रवर्तन संजीव गुप्ता ने छह टीमों का गठन किया है। इनमें एक टीम गंगापार और दूसरी यमुनापार में तैनात रहेगी। बाकी अन्य टीमें शहर के विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगी।
जनपद में कुल 2039 स्कूली बसें संचालित हैं। इनमें 329 बसें अनफिट हैं, जिनकी सूची आरटीओं ने तैयार की है। इसके अलावा इन सभी बसों के स्कूल प्रबंधकों को नोटिस के जरिये पूर्व में ही वाहन के फिटनेस कराने की सूचना आरटीओ विभाग की ओर से दी जा चुकी है। ऐसे में अगर कोई स्कूली वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित पाया गया,तो स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई क़ी जाएगी। हालांकि, पिछले वर्ष भी आरटीओ के प्रवर्तन विभाग ने 15 दिन का विशेष अभियान चलाया था, जहां कुल 40 का चालान और 10 स्कूली बसों को सीज किया गया था।
कई स्कूल तो ऐसे हैं, जहां बच्चों को वाहनों की सुविधा नहीं दी गई है। जबकि उनके पास निजी वाहनों का पता-ठिकाना व नंबर है। इस तरह अधिकांश वैन और ई-रिक्शा के जरिये ही बच्चों को घर से स्कूल लाने व ले जाने का काम किया जाता है। ऐसे में आठ सीटर वैन में 15 से अधिक बच्चे बैठाए जाते हैं। इसके अलावा ई-रिक्शा में भी12 से अधिक बच्चों को बैठाया जाता है। इसकी वजह से हादसे की आशंका बनी रहती है।
