कई देशों से 90 दिन तक आयात शुल्क वापसी के बाद टैरिफ युद्ध अमेरिका-चीन की तरफ मुड़ गया है। बुधवार को जहां चीन ने नए शीर्ष अंतरराष्ट्रीय व्यापार वार्ताकार के तौर पर वांग शॉवेन की जगह ली चेंगगांग को नियुक्त किया है वहीं व्हाइट हाउस ने तथ्य पत्रक (फैक्ट शीट) जारी किया है। इसके मुताबिक, अमेरिकी 145% टैरिफ के बाद चीन द्वारा उसके बोइंग की खरीदी रोकने के जवाबी कदम पर उसे अमेरिका में होने वाले आयात पर 245% तक टैरिफ का सामना करना पड़ रहा है।
ये दोनों ही मामले वैश्विक टैरिफ युद्ध की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण हैं। चीन द्वारा नियुक्त ली चेंगगांग की नियुक्ति को विश्लेषक ट्रंप प्रशासन के साथ बातचीत शुरू करने के संकेत के रूप में देख रहे हैं, जबकि अमेरिका में ट्रंप प्रशासन लगातार सख्ती बनाए हुए है। चीन को पहले ही 145% टैरिफ का सामना करना पड़ रहा था और अब 245% शुल्क उसे खतरनाक ढंग से बड़ा नुकसान दे सकता है। अमेरिका ने अपने तथ्य पत्र में कहा है कि 75 से अधिक देश पहले ही नए व्यापार समझौतों पर चर्चा करने के लिए सामने आ चुके हैं। इसके चलते जवाबी कार्रवाई करने वाले चीन के अलावा अन्य देशों पर अतिरिक्त शुल्क फिलहाल रोक दिया गया है। ट्रंप ने कहा, चीन ने बोइंग सौदे से मुकरते हुए कहा है कि वे विमानों के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध लोगों का कब्जा नहीं लेंगे, यह ठीक नहीं है। उधर, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा, फैसला अब चीन को लेना है। चीन को हमारे साथ समझौते की जरूरत है, हमें नहीं।
