जयपुर। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें एक बेहद खास व्यक्ति बताया। साथ ही कहा कि भारतीय नेता की स्वीकार्यता की रेटिंग देखकर उन्हें ईर्ष्या होती है। उन्होंने भारत-अमेरिका ऊर्जा संबंधों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी को एक कठोर वार्ताकार भी करार दिया, जो अपने देश के उद्योगों के हितों की रक्षा के लिए कड़ी सौदेबाजी करते हैं। अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस ने राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में बताया कि एक दिन पहले प्रधानमंत्री आवास पर आयोजित रात्रिभोज के दौरान पीएम मोदी को यह बात बताई भी थी कि उनकी लोकप्रियता से जलन होती है। उन्होंने पिछले अमेरिकी प्रशासन की आलोचना करते हुए कहा कि उसने पीएम मोदी के प्रति उपदेशात्मक रवैया अपनाने की कोशिश की थी। पूर्ववर्ती प्रशासन भारत को कम लागत वाले श्रम के स्रोत के तौर पर देखता था। वेंस ने कहा, मोदी एक सख्त वार्ताकार हैं और यही कारण है कि हम उनका सम्मान करते हैं।
