देवरी कला गांव में 12 घंटे से लापता मनोज सिंह (38) की सोमवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सोमवार रात 11:30 बजे दोस्त शव लेकर घर पहुंचा तो परिजन स्तब्ध रह गए। उन्होंने दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।
भाई घनश्याम सिंह ने बताया कि मनोज की दोस्ती पड़ोस गांव के प्रदीप मिश्रा उर्फ कल्लू से थी, जिसके पास जेसीबी मशीन है। मनोज उसके साथ ही रहकर मशीन चलवाने का काम करता था।
सोमवार सुबह 11 बजे करीब प्रदीप मिट्टी खोदने के लिए मनोज को घर से बुलाकर ले गया तबीयत ठीक नहीं होने के कारण घरवालों ने मना किया, लेकिन मनोज उसके साथ चला गया।
दोपहर में बच्चों से फोन पर बात भी की, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। उसका मोबाइल भी बंद था।
प्रदीप से फोन कर पूछा गया तो उसने कहा कि मनोज कुछ देर में घर आ जाएगा।
रात तक उसके नहीं आने पर घरवाले परेशान हो गए। आरोप है कि इसी दौरान रात करीब 11:30 बजे मनोज का शव लेकर प्रदीप घर आया। उसने घरवालों से बताया कि उसका एक्सीडेंट हो गया था। इस पर परिजनों में चीखपुकार मच गई।
