नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर दिल्ली से गुजरात तक फैली 700 किलोमीटर लंबी अरावली पर्वतमाला के पुनर्वनीकरण के लिए एक विशेष पहल की शुरुआत की। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार अरावली पर्वतमाला से जुड़े क्षेत्रों के कायाकल्प के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भगवान महावीर वनस्थली पार्क में पौधरोपण कर एक पेड़ मां के नाम अभियान का भी विस्तार किया।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि विश्व की सबसे प्राचीन पर्वत मालाओं में से एक अरावली पर्वतमाला गुजरात, राजस्थान, हरियाणा से लेकर दिल्ली तक फैली है। पिछले कई सालों से यह क्षेत्र कई पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना कर रहा है और इनके समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारा ध्यान इस पर्वतमाला से जुड़े क्षेत्रों का कायाकल्प करने पर है। हम संबंधित स्थानीय प्रशासनों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इसके तहत जल प्रणालियों में सुधार, धूल भरी आंधी पर अंकुश लगाने, थार रेगिस्तान के पूर्व की ओर विस्तार को रोकने आदि जैसे मुद्दों पर बल देने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अरावली पर्वतमाला और उसके बाहर, पारंपरिक पौधारोपण विधियों के अलावा हम नई तकनीकों को प्रोत्साहित करेंगे
विशेष रूप से शहरी और अर्ध शहरी इलाकों में जहां जगह की कमी है। पौधारोपण गतिविधियों को जियो-टैग किया जाएगा और मेरी लाइफ पोर्टल पर उनकी निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि मैं अपने देश के युवाओं से इस आंदोलन में भाग लेने और हमारी पृथ्वी के हरित आवरण में योगदान देने की अपील करता हूं।
