रक्षा क्षेत्र के लिए विख्यात रही सरकारी कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के ध्रुव न्यू जेनरेशन हेलिकॉप्टर ने मंगलवार को पहली सफल उड़ान भरी।
इसके साथ ही एचएएल ने नागरिक उड्डयन हेलिकॉप्टर क्षेत्र में औपचारिक प्रवेश कर लिया है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने बंगलुरू के हेलिकॉप्टर डिवीजन में आयोजित कार्यक्रम में इस ऐतिहासिक उड़ान को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम के दौरान डीजीसीए से एचएएल को शक्ति सिविल इंजन के स्वदेशी निर्माण का प्रमाणपत्र भी मिला। एक बयान में एचएएल ने बताया कि यह पहली बार है जब किसी एयरो इंजन को भारत में स्वदेशी उत्पादन के लिए डीजीसीए से प्रमाणन मिला है। यह उपलब्धि फ्रांस की साफ्रान इंजन कंपनी के सहयोग और डीजीसीए के समन्वय से संभव हो सकी।
केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने इसे आत्मनिर्भर भारत की उड़ान बताते हुए कहा कि ध्रुव एनजी भारतीय उड्डयन के लिए मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया अब वैश्विक गुणवत्ता की पहचान बन चुका है। एचएएल के सीएमडी डॉक्टर डीके सुनील ने कहा कि ध्रुव न्यू जेनरेशन हेलीकॉप्टर एचएएल के नागरिक क्षेत्र में विस्तार की आधारशिला है।
एचएएल ने कहा कि कुल 5.5 टन वजनी ध्रुव एनजी एक हल्का, दोहरे इंजन वाला बहुउद्देश्यीय हेलिकॉप्टर है। इस हेलिकॉप्टर में दोहरे शक्ति 1 एच1 सी इंजन, आधुनिक ग्लास कॉकपिट, उन्नत एवियोनिक्स सिस्टम, आघात सहन करने वाली सीटें और रिसाव होने पर खुद बंद होने वाला ईंधन टैंक लगाए गए हैं। कंपन नियंत्रण प्रणाली के कारण यह हेलिकॉप्टर वीआईपी और मेडिकल परिवहन के लिए उपयुक्त है ।
