यरूशलम/दुबई। इस्राइल और ईरान ने रविवार को भी एक-दूसरे पर हमले जारी रखे। इस्राइली सेना ने ईरान के ऊर्जा, उद्योग व रक्षा मंत्रालय के मुख्यालयों को निशाना बनाया। तेहरान के पास सहारन तेल डिपो समेत कई प्रतिष्ठानों पर भी हमले किए, जबकि ईरान ने भी इस्राइल के हाइफा, बात याम व तेल अवीव समेत कई शहरों पर मिसाइलें दागीं। हमलों में कई इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है। दोनों देशों में कई लोगों के मारे जाने की खबर है।
इस्त्राइल ने दावा किया कि लंबी दूरी की मिसाइल से रविवार को उसने ईरान के मशाद हवाईअड्डे पर हवा में ईंधन भरने वाले विमान को नष्ट कर दिया। हमले शुरू होने के बाद उसने ईरान में पहली बार इतनी अंदर तक मार की। इस्त्राइल से यह दूरी करीब 2,300 किमी है। इस्राइल ने ईरान के परमाणु व सैन्य प्रतिष्ठानों के करीब रह रहे लोगों को चेतावनी दी कि तत्काल वहां से हट जाएं, क्योंकि हमले और तेज होंगे।
वहीं, इस्राइल के बचाव दल तबाह इमारतों के मलबे में से लोगों को निकालने में जुटे हैं। इसमें खोजी कुत्तों की मदद ली जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि ईरान के हमले में 10 लोग मारे गए हैं। दूसरी ओर इस्त्राइल के हमलों में ईरान में अब तक 406 लोगों की मौत हुई है, जबकि 654 घायल हुए हैं। हमलों में मरने वाले ईरानी परमाणु वैज्ञानिकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।
