प्रयागराज। उप्र लोकसेवा आयोग को पीसीएस मुख्य परीक्षा के दौरान उत्तर पुस्तिका लेकर जाने वाले परीक्षार्थी को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि सात साल से कम की सजा की धारा होने के चलते उसे नोटिस तामील कराकर छोड़ दिया गया। पूछताछ के दौरान उसने माना कि गलती से यह घटना हुई है।
मामला ईश्वर शरण बालिका इंटर कॉलेज, गोविंदपुर का है। कॉलेज की प्रधानाचार्य प्रतिभा सिंह ने मामले में एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। पुलिस ने उससे गहनता से पूछताछ की, ताकि पता लगाया जाए कि आखिर उत्तर पुस्तिका ले जाने के पीछे उसकी मंशा क्या थी।पुलिस सूत्रों का कहना है कि अलग-अलग एंगल से पूछताछ करने पर भी उसकी कोई गलत मंशा सामने नहीं आई। वह बार-बार यही कहता रहा कि उसे ध्यान ही नहीं रहा कि उत्तर पुस्तिका जमा करनी है। जैसे ही परीक्षा खत्म हुई, वह प्रश्नपत्र के साथ उत्तर पुस्तिका लेकर परीक्षा कक्ष से बाहर निकल गया।
इसके बाद वहीं से अपना बैग प्राप्त किया, जिसे उसने परीक्षा से पहले जमा किया था। फिर बैग में प्रश्नपत्र के साथ ही उत्तर पुस्तिका भी रख ली और घर चला गया। उसे इसका ध्यान भी नहीं रहा।
बाद में फोन आने पर उसने बैग देखा तो उसमें उत्तर पुस्तिका रखा हुआ है। फिर वह सीधे कॉलेज पहुंचा और उत्तर पुस्तिका जमा कर दी। एसीपी कर्नलगंज राजीव कुमार यादव ने बताया कि पूछताछ में छात्र बार-बार खुद को निर्दोष बताता रहा।
