प्रयागराज। एक छोटी सी चूक कैसे आपकी कड़ी मेहनत पर पानी फेर सकती है, इसकी बानगी सोमवार को 23वीं नेशनल जूनियर अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देखने को मिली।
10 हजार मीटर रेस वॉक इवेंट में स्वर्ण पदक की प्रबल दावेदार मानी जा रही चूरू (राजस्थान) की एथलीट महिमा चौधरी को तकनीकी फाउल के कारण स्पर्धा से बाहर होना पड़ा। इस पर वह आंसुओं को रोक नहीं सकीं और मैदान पर ही फफक पड़ीं। उनके आंसू शायद यही बयां कर रहे थे कि छोटी सी चूक ने सब कुछ मिटा डाला, सपनों का महल एक पल में गिरा डाला।
23वीं नेशनल जूनियर अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन 10 हजार मीटर रेस वॉक इवेंट में सबकी नजर एथलीट महिमा चौधरी पर थी। शुरुआत में ही उन्होंने बढ़त भी बना ली थी, लेकिन पहले ही राउंड में मुख्य रेफरी ने उन्हें रेड कार्ड दिखाया और तकनीकी सुधार के लिए चेताया। इसके बावजूद महिमा का आत्मविश्वास कम नहीं हुआ। चौथे और छठे राउंड में दो और रेड कार्ड मिलते ही. उनका आत्मविश्वास डगमगाने लगा और स्पर्धा में पिछड़ने लगीं।
आठवें राउंड तक आते-आते उन्हें चौथा रेड कार्ड दे दिया गया। इस पर नियमानुसार उन्हें प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा। रेफरी की ओर से डिसक्वाली फाई करार दिए जाने के बाद वह मैदान पर ही फूट-फूटकर रोने लगीं। उनका कहना था कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि उन पर चार फाउल लगे हैं। खास बात यह है कि महिमा ने पिछले साल इसी प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था। इस बार भी उन्होंने अंडर-20 वर्ग के लिए पूरे साल निरंतर अभ्यास किया था।
