प्रयागराज। अवैध मिट्टी खनन के मामले में सोमवार को एक बार फिर बड़ी कार्रवाई हुई। झुंसी के कटका में नौ लोगों को अवैध रूप से मिट्टी खनन करते पकड़ा गया। मौके से दो जेसीबी व सात ट्रैक्टर समेत नौ वाहन भी जब्त किए गए। आरोपियों का चालान किया गया है। बरामद. मिट्टी व वाहनों का कुल मूल्य लगभग 1.45 करोड़ रुपये है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कटका में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन का खेल चलने की सूचना अफसरों को मिल रही थी। सटीक सूचना पर सोमवार को एडीसीपी गंगानगर पुष्कर वर्मा ने टीम के साथ छापा मारा तो एक खेत से बड़े पैमाने पर मिट्टी का अवैध खनन होते पकड़ा गया।
मौके से नौ लोग भी पकड़े गए। उनसे पूछताछ की गई तो वह मिट्टी खनन के संबंध में कोई अनुमति पत्र नहीं दिखा पाए। यहां दो जेसीबी से मिट्टी निकाली जा रही थी और सात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से उनकी ढुलाई कराई जा रही थी।
पुलिस इन सभी वाहनों व मौके से पकड़े गए लोगों को थाने ले आई। इसके बाद उनका चालान किया गया। पुलिस का कहना है कि मौके से बरामद मिट्टी व वाहनों का कुल मूल्य लगभग 1.45 करोड़ रुपये है। मामले की रिपोर्ट खनन विभाग को भीभेजी जाएगी। लगातार तीसरी कार्रवाई, माफिया गिरोह में हड़कंप : जनपद में अवैध मिट्टी खनन सिंडिकेट पर यह लगातार तीसरी कार्रवाई है और इससे अवैध खनन माफिया गिरोह में हड़कंप है। इससे पहले सराय इनायत व सरायममरेज में बड़ी कार्रवाई हो चुकी है। सरांय इनायत में 18जून को सात लोगों को गिरफ्तार करते हुए सात वाहन सीज किए गए और कुल 1.45 करोड़ की चोट अवैध खनन माफिया को दी गई। उधर, सरायममरेज में 14 जून को 13 वाहन जब्त करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसमें करीब 2.45 करोड़ की चोट अवैध खनन सिंडिकेट को दी गई थी।
